आलीराजपुर। जिले के बोरी थाना क्षेत्र में एक विधवा आदिवासी महिला के साथ हुई कथित जघन्य वारदात को लेकर पूरे क्षेत्र में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को ग्राम बोरी समेत आसपास के गांवों से ग्रामीण बोरी थाना परिसर के बाहर जमा हुए और धरने पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो नगर बंद, चक्काजाम और अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। धरने के दौरान “पीड़िता को न्याय दो”, “दोषियों को गिरफ्तार करो” और “लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई करो” जैसे नारों से पूरा थाना परिसर गूंज उठा।
महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की बड़ी संख्या प्रदर्शन में शामिल रही। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें अब तक की कार्रवाई की जानकारी देते रहे। इसी बीच मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान और सांसद अनिता चौहान भाजपा प्रतिनिधिमंडल के साथ बोरी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली, ग्रामीणों से चर्चा की और मौके से ही इंदौर रेंज के आईजी से फोन पर बात कर आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीओपी आशुतोष पटेल को भी निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एक्ज़िक्यूटिवब्रांच
मंत्री बोले- आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा, कांग्रेस ने की ये मांग
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार पीड़िता के इलाज की भी लगातार निगरानी कर रही है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर गठित पांच सदस्यीय जांच समिति भी सोमवार को बोरी पहुंची। समिति में पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ, विधायक विक्रांत भूरिया, विधायक झूमा सोलंकी और जोबट विधायक सेना महेश पटेल शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली, ग्रामीणों से चर्चा की और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग की। समिति ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपी जाएगी। एक्ज़िक्यूटिवब्रांच
अब तक 4 गिरफ्तार
इधर, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि नामजद 8 आरोपियों में से अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के खिलाफ डकैती और सामूहिक दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जबकि शेष फरार आरोपियों की तलाश में लगातार पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।