शाजापुर। टंकी चौराहा स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी में गुरुवार से थोक सब्जी मंडी को शिफ्ट होना था, लेकिन सब्जी व्यापारियों और प्रशासन के बीच सहमति के बाद भी सब्जी व्यापारियों के लिए दुकानों का आवंटन नहीं होने से कुछ औपचारिकताएं बच गई थी। जिसके कारण गुरुवार को कृषि उपज मंडी में सब्जियों की नीलामी नहीं हो पाई।
वहीं हाट मैदान में नाम मात्र के किसान अपनी सब्जियों को लेकर पहुंचे लेकिन एजेंटो ने उनकी सब्जियों की नीलामी नहीं की। जिसकी वजह से किसानों ने सीधे ग्राहकों को ही सब्जियां बेच दी।
बता दें कि सोमवार से सब्जी मंडी के थोक व्यापारी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे थे। व्यापारियों ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर स्थानीय विधायक व प्रशासनिक अधिकारियों से बात की।
इसके बाद मंगलवार रात व्यापारियों को आश्वासन मिला कि गुरुवार से वे टंकी चौराहा स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी में सब्जी की नीलामी शुरू कर सकते हैं। यही मांग व्यापारी द्वारा की गई थी। आश्वासन मिलने के बाद सब्जी के थोक व्यापारियों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी।