नीमच। जिले की सभी निर्वाचित महिला सरपंच पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण की योजनाओं कार्यक्रमों के प्रति जागरूक होकर, पूरी सक्रीयता से पंचायत के कामकाज में भाग ले। ग्रामीणों को पंचायत के माध्यम से योजनाओं का लाभ दिलवाये। यह बात एडीएम नीमच लक्ष्मी गामड ने जनपद सभाकक्ष मनासा में बुधवार को आयोजित क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों की महिला सरपंचों की महिला सशक्तिकरण उन्मुखीकरण कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कही।
इस मौके पर जनपद सीईओ अरविंद डामोर ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र उज्जैन के प्रशिक्षक एवं महिला सरपंच जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस प्रशिक्षण में महिला सरपंचों को पंचायत राज अधिनियम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास योजनाओं के पंचायत के कामकाज की रूपरेखा, प्रक्रिया आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। एडीएम गामड ने सरपंचों से पंचायत में नियमित रूप से उपस्थित होकर महिला सशक्तिकरण के लिए जागरूक होकर सक्रीयता से कार्य करने के बारे में बताया।
इस प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी अपनी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। महिला सरपंचों को अपने अधिकारों और गांव के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है, के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर एडीएम लक्ष्मी गामड द्वारा महिला सरपंचों को निर्देशित किया, कि महिला सरपंच स्वयं ग्राम पंचायत में जाकर बैठे एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के बारे में जानकारी समझे और ग्रामीणों को भी अवगत करवाये। प्रशिक्षण के दौरान महिला सरपंचों द्वारा अपनी ग्राम पंचायत में होने वाले विकास कार्यों के बारे में स्वयं जानकारी भी दी गई।