सागर। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भिलैया के जंगल में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पौधरोपण कार्यक्रम में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत शामिल हुए। जहां स्कूल छात्र-छात्राओं के साथ मंत्री राजपूत ने पौधरोपण किया। इस दौरान 25 हजार पौधे रोपे गए। पौधों की देखभाल करने की जिम्मेदारी वन विभाग को सौंपी गई है।
कार्यक्रम में मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भिलैया में 25 हजार पौधे लगाए गए हैं। हम सब की जिंदगी में पौधों का बड़ा योगदान है। यदि पौधे नहीं होंगे तो हमारी जिंदगी भी नहीं होगी। इसलिए हम सबको संकल्प लेना होगा कि सभी अपनी मां के नाम, अपने परिजनों के नाम और अपने नाम एक पौधा अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि पौधा केवल लगाएं नहीं, उनको बचाने के लिए भी संकल्प लें। उसकी लगातार देखभाल करें। जब तक कि वह पौधा पेड़ न हो जाए।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत मध्यप्रदेश में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें सुरखी विधानसभा क्षेत्र में 1.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य लिया गया है। अलग-अलग स्थानों पर लगातार पौधों का कार्य जारी रहेगा। पेड़ लगाना आसान होता है। लेकिन उनको बचाना अत्यंत कठिन कार्य है। इसलिए हमें पेड़ लगाते समय उनको बचाने के लिए पहले से कार्य योजना तैयार कर लेना चाहिए। इस दौरान सुखदेव मिश्र, वीरेंद्र पाठक, सीसीएफ अजय दुबे, डीएफओ अनिल कुमार सिंह, रेंजर महेंद्र प्रकाश सिंह, लखन सिंह, रवि सिंह समेत अन्य लोग शामिल थे।