टीकमगढ़। केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को टीकमगढ़ जिला पंचायत सभा कक्ष में जन चौपाल लगाई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इसमें ज्यादातर मामले जमीनों के नामांतरण, सीमांकन और राजस्व विभाग से जुड़े हैं। मंत्री की जन चौपाल में एसपी रोहित काशवानी, जिला पंचायत सीईओ सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद हैं।
दरअसल, साल 2009 में टीकमगढ़ लोकसभा से पहली बार सांसद बनने के बाद डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने जन चौपाल की शुरुआत की थी। 2009 और 2014 के कार्यकाल के दौरान डॉ वीरेंद्र कुमार कलेक्ट्रेट परिसर में चबूतरे पर फर्श बिछाकर जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनते थे।
साल 2019 के कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री बनने के बाद व्यस्तता बढ़ जाने के कारण जन चौपाल का सिलसिला बंद हो गया था। लंबे समय बाद केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने एक बार फिर जन चौपाल की शुरुआत की है। आज कलेक्ट्रेट परिसर में चबूतरे की जगह जिला पंचायत के सभा कक्ष में जन चौपाल आयोजित की गई है।
पहले जन चौपाल में लोगों की समस्या सुनने के बाद डॉक्टर वीरेंद्र कुमार शिकायत पत्र संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेजा करते थे। लेकिन आज जन चौपाल में लगभग सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद हैं।
सीधे अधिकारियों को सौंपी जा रही शिकायतें
जन चौपाल में लोग जिस विभाग की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं, उसे तुरंत बैठक में मौजूद संबंधित विभाग प्रमुख को सौंपा जा रहा है। साथ ही केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने निश्चित समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए हैं।
पेड़ों के लिए जगह चिह्नित करने खून से लिखा पत्र
जन चौपाल में समाजसेवी देव स्वरूपानंद ने केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार को अपने खून से लिखा पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत शहर के आसपास पेड़ लगाने के लिए जमीन चिह्नित करने की मांग की है। उन्होंने जल संरक्षण और गो संरक्षण के लिए भी व्यवस्था करने की मांग की है।