भोपाल। अल्पना टॉकीज चौराहे पर बुधवार को जलभराव होने से 1 घंटे गाड़ियां रेंगती रही थी। इससे हजारों लोग परेशान हुए। यहां 2 फीट पानी भरा था। इसके चलते गुरुवार सुबह महापौर मालती राय अल्पना टॉकीज चौराहे पर पहुंचीं और निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का परमानेंट सॉल्यूशन निकाल रहे हैं।
महापौर राय ने पीडब्ल्यूडी अफसरों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने बताया, हमीदिया रोड के निर्माण की मंजूरी पीडब्ल्यूडी को मिल चुकी है। पीडब्ल्यूडी दोनों ओर 2 फीट ऊंचा नाला बनाएगा, लेकिन हमने 4 फीट ऊंचा नाला बनाने की मांग की है। ताकि, समस्या दूर हो जाए। नाला बनने के बाद जलभराव नहीं होगा और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी नहीं आएगी।
बारिश से बुधवार दोपहर 3 से 4 बजे तक नादरा बस स्टैंड से छोला की ओर जाने वाले रोड पर लंबा जाम लग गया था। इसमें सैकड़ों वाहन फंसे रहे। बारिश का पानी अल्पना टॉकीज तिराहे और भोपाल स्टेशन प्लेट फॉर्म नंबर छह की ओर से छोला रोड को जोड़ने वाली सड़क पर भी पानी जमा हो गया। इस कारण जाम के हालात बनते रहे। ट्रैफिक को सामान्य होने में 1 से डेढ़ घंटा लगा था। इसके चलते ही गुरुवार को महापौर निरीक्षण करने मौके पर पहुंचीं।