नीमच। आज नीमच के वीरेंद्र कुमार सकलेचा मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स की टीम द्वारा जिला अस्पताल में 39 वर्षीय मरीज़ का फिस्टुला ऐनो का सफल ऑपरेशन किया गया। यह काफी जटिल ऑपरेशन था। जो कि करीब 4 घंटे से अधिक समय तक चला।
वीरेंद्र कुमार सकलेचा मेडिकल कॉलेज के जनसंपर्क अधिकारी डॉक्टर निशांत गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इंदौर के निर्धन मरीज़ शेर खान को अपने शरीर में शौच के रास्ते गुदा के पास की त्वचा में छेद जैसा हो गया था। मरीज को काफी पीड़ा हो रही थी। ख़ून और पस का बहाव हो रहा था। मरीज ने डीन डॉक्टर अरविंद घनघोरिया से संपर्क किया। डॉ घंघोरिया ने मरीज की शारीरिक और आर्थिक स्थिति को समझते हुए नीमच मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध जिला अस्पताल में ऑपरेशन करवाने का परामर्श दिया। मरीज की सहमति के बाद डीन डॉक्टर घंघोरिया, डॉ बृजेंद्र स्वरूप, डॉक्टर दिनेश पाटीदार और अन्य सहयोगियों द्वारा मरीज का फिस्टुला एनो का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज़ का स्वास्थ्य बेहतर बताया जा रहा है।
बताते चलें कि यह ऑपरेशन पूरी तरह निशुल्क हुआ है। ज्ञात जानकारी के अनुसार नीमच में संभवत इस प्रकार का ऑपरेशन प्रथम बार किया गया है। उल्लेखनीय है कि नीमच में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक सर्जरी के क्षेत्र में लगातार बेहतरीन सफलता हासिल करते हुए गरीब और पीड़ित मरीजों की सेवा में योगदान दे रहे हैं। जैसा कि डॉक्टर अरविंद घनघोरिया का कहना है कि पीड़ित और गरीब का दर्द दूर करना और उसके आंसू पोंछना ही हमारा कर्तव्य है।