खरगोन। शहर से 6 किमी दूर ग्रामसोनिपुरा, बलवाड़ी में संचालित हो रही मिर्च मंडी में थोक सब्जी व्यापार करने का विरोध फिर शुरू हो गया है। करीब चार साल पहले कोरोना काल मे नगरपालिका के सामने स्थित सब्जी मंडी से ठीक मंडी शिफ्ट की गई थी। गुरुवार को महिला, पुरुष खेरची विक्रेता एकमत होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां सब्जी मंडी को कृषि उपज मंडी अथवा शहर के नजदीक संचालित करने की मांग की।
महिलाओं ने बताया मंडी शहर से बाहर जाने से व्यापारी, किसान सहित खेरची दुकानदार भी परेशान हो रहे है। परिवहन का भार बढऩे से सब्जियां भी महंगी बिक रही है। ज्यादा परेशान महिला सब्जी विक्रेताओं को होरही है। सब्जी मंडी का कारोबार सुबह 4 बजे से प्रारंभ हो जाता है, ऐसे में महिलाएं अंधेरे में इतना लंबा रास्ता कैसे तय करें? सुरक्षा को भी खतरा बना रहता है। सब्जी विक्रेताओं ने थोक व्यापारियों द्वारा बढाये गए कमीशन पर भी आपत्ति जताई है। तहसीलदार ने उन्हें आला अधिकारियों से उक्त मामले में चर्चा का आश्वासन दिया है।