नीमच। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), नीमच की 56 वीं छमाही बैठक सीटीसी, सीआरपीएफ, नीमच के मैन्सा क्लब में बृहस्पतिवार को महानिरीक्षक संदीप दत्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
इस बैठक का आयोजन भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के आदेशानुसार, नराकास के सदस्यी कार्यालयों/संस्थानों में राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग की स्थिति की समीक्षा करने तथा राजभाषा नियमों/अधिनियमों की ओर कार्यालय प्रमुखों का ध्यान आकृष्ट करने के लिए किया गया।
इस बैठक में सीआरपीएफ परिसर में स्थित बल के सभी संस्थानों सहित, नीमच नगर में स्थित 32 केन्द्रीय सरकार के कार्यालयों/बैंकों/सार्वजनिक उपक्रमों के प्रमुख एवं राजभाषा हिन्दी से जुड़े प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। नराकास सचिव एसएन सुमन ने 01 अक्टूाबर 2023 से 31 मार्च 2024 तक की छमाही अवधि के दौरान विभिन्न सदस्य कार्यालयों द्वारा राजभाषा हिंदी में किए गए कार्यों की समीक्षा प्रस्तुत की।
नराकास अध्यक्ष ने समीक्षा अनुसार, कुछ कार्यालयों की राजभाषा कार्यान्वयन की कमियों की ओर उनका ध्यान आकृष्ट किया तथा इस क्षेत्र में किए गए अच्छे कार्यों की सराहना भी की। उन्हों ने राजभाषा विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए जारी वार्षिक कार्यक्रम में निधारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरे मनोयोग के साथ सार्थक प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी न केवल हमारी राजभाषा है, अपितु एक वैज्ञानिक भाषा भी और इसलिए हमें हिंदी में कामकाज करने में गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। जिस दिन सभी हिंदी में कार्य करने का दृढ संकल्प ले लेंगे, तो फिर शनै-शनै लक्ष्य प्राप्त करने में हमें कोई परेशानी नहीं होगी। इसलिए तकनीकी प्रकृति के कार्यों की विवशता के सिवाय, सभी सदस्यों कार्यालय अपना सम्पूर्ण सरकारी कामकाज सरल एवं आम बोल-चाल की हिंदी में करें।
बैठक में नराकास अध्यक्ष एवं आईजी संदीप दत्ता, शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना नीमच के महाप्रबंधक नरेश बुंदेल, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरों नीमच के उपायुक्त डॉ. संजय कुमार, आरटीसी नीमच के ब्रिगेडियर (रिटा.) अनमोल सूद डीआईजी, संयुक्त् अस्पताल नीमच के डीआईजी (मेडिकल) डॉ. पदमा चौधरी, सीटीसी नीमच के कमांडेंट वेद प्रकाश सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। अध्यक्ष ने सभी कार्यालय प्रमुखों तथा हिंदी सेवी कार्मिकों को बैठक में उपस्थित होने के लिए धन्यवाद दिया। अंत में वेद प्रकाश, कमांडेंट, सीटीसी नीमच ने बैठक में उपस्थित सभी कार्यालय प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।