चित्तौड़गढ़। राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के जिलाध्यक्ष तेजपालसिंह शक्तावत के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिसमें महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय जाशमा, पं.स. भूपालसागर में कार्यरत अध्यापक श्यामलाल जोशी जो फरवरी 2023 में ब्रेन स्टॉक होने से 90 प्रतिशत दिव्यांग हो जाने से अब आगे सेवा देने में असमर्थ है। जिनके पुत्र ने राजस्थान स्थायी पूर्ण दिव्यांग सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों की अनुकम्पा नियुक्ति 2023 के अनुसार अनुकम्पा नियुक्ति का आवेदन अगस्त 2023 में कर दिया किन्तु आज तक उन्हें शिक्षा विभाग द्वारा अनुकम्पात्मक नियुक्ति नहीं दी गई। दिव्यांग अध्यापक भगवती प्रसाद को लगभग 10 माह से वेतन नहीं मिल पा रहा है जिससे उनका, उनके परिवार का जीवन यापन का संकट पैदा हो गया। जिससे परिजन अब घबराकर न्यायालय की शरण लेने को मजबूर हैं। जिलाध्यक्ष श्री शक्तावत के साथ भूपालसागर उपशाखा अध्यक्ष सुबेसिंह एवं पूर्व उपशाखा अध्यक्ष महेशचन्द्र शर्मा आदि संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार को पात्र आवेदनकर्ता को अनुकम्पात्मक नियुक्ति दिलवाने की मांग की। साथ ही प्रतिनिधि मंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक में भूपालासगर ब्लॉक की कूकिंग कन्वर्जन एवं कूक कम हेल्पर की मार्च 2023 तक की बकाया राशि एवं अब तक की जिले में बकाया राशि के भुगतान करने, स्थायीकरण आदेश आदि शिक्षक समस्याओं का निस्तारण करने की चर्चा की। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) से महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कीरखेड़ा (चित्तौड़गढ़), राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय करिथड़ा (राशमी) सहित जिले के शिक्षकों के सत्र 2022-23 के बकाया दीपावली बोनस सहित शिक्षकों की अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।