छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी कमलेश शाह ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के धीरन शाह को हरा दिया है। 20 वें राउंड की गिनती के बाद बीजेपी प्रत्याशी कमलेश शाह करीब 3200 वोट से चुनाव जीत गए हैं, सिर्फ अधिकृत घोषणा बाकी है।
कांग्रेस के गढ़ में खिला कमल
बता दें कि छिंदवाड़ा जिले का अमरवाड़ा सीट कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है। सिर्फ अमरवाड़ा ही नहीं बल्कि जिले के सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस नेता कमलनाथ का प्रभाव रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव भी कांग्रेस जीती थी, किंतु कांग्रेस विधायक कमलेश शाह के बीजेपी ज्वॉइन करने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। वहीं बीजेपी ने उपचुनाव में कांग्रेस से बीजेपी में आए कमलेश शाह पर दांव लगाया था और उनका दांव सही निकला। कांग्रेस के प्रत्याशी धीरन शाह को पराजय का सामना करना पड़ा। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के कद्दावर नेता कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ के पराजय के बाद राजनीतिक पंडित कयास लगा रहे थे कि कांग्रेस और कमलनाथ का किला ढह जाएगा, जो इश उपचुनाव में सही साबित हुआ है।