सागर। रहली विधानसभा के ग्राम हरदुआ मप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल पहुंचे। जहां उन्होंने गौशाला स्थल का जायजा लिया। साथ ही पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं अधिकारियों से स्पष्ट कहना चाहता हूं। अभी सामुहिक विवाह सम्मेलन होंगे। गलती पाई जाएगी तो तुम्हारे वेतन का ही कबाड़ा होने वाला है। किसी के कहने पर गलती मत कर देना। पहले जो हो गया मैं उसकी जांच नहीं कराना चाहता हूं।
पटलकर देखेंगे तो गड्ढे ही गड्ढे हैं। इसलिए आगे कोई गलती न हो। कैबिनेट मंत्री पटेल का यह बयान सागर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी दौरान उन्होंने पौधरोपण को लेकर कहा कि गर्मी के मौसम में जहां पानी की व्यवस्था हो, वहीं पर पौधरोपण कराएं। पानी नहीं होने पर पौधे नहीं लगाएं।
दरअसल, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ग्राम हरदुआ पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पौधे रोपने के बाद लोगों को उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी बताई। साथ ही कहा कि पौधरोपण करने से कुछ नहीं होगा। हर पौधे की देखभाल होना चाहिए। इसलिए पौधे ऐसी जगह पर ही लगाएं, जहां पर उनकी देखरेख हो सके। पौधरोपण करने के बाद उनके देखभाल, पानी समेत अन्य सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। ताकि वह पेड़ बन सकेंगे।