रतलाम। राज्य स्तरीय इंस्पायर विज्ञान मॉडल सत्र 2-23-24 की प्रदर्शनी भोपाल में लगाई गई। प्रदर्शनी में 10 बाल वैज्ञानिकों के विज्ञान मॉडल का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ। चयनित बाल वैज्ञानिकों में से एक रतलाम जिले के निर्मला कॉन्वेंट स्कूल का छात्र राघव चौधरी भी उनमें से एक है।
सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के कक्षा छटी से 10वीं के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचानने के लिए भारत सरकार के सांइस एंड टेक्नॉलोजी विभाग और नेशनल इनोवेटिव फाउंडेशन द्वारा इंस्पायर अवार्ड योजना के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाती है। दो दिवसीय प्रदर्शनी 11 व 12 जुलाई को भोपाल के जेके हॉस्पिटल ऑडिटोरियम में लगाई। इसमें प्रदेश के 41 जिलों के 130 अवार्डी प्रतिभागियों के प्रोजेक्ट व मॉडल्स सम्मिलित हुए। जिसमें 10 बाल वैज्ञानिकों के मॉडल का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
अन्य चयनित 9 विद्यार्थी आगर मालवा, अशोक नगर, बालाघाट, भिंड, नर्मदापुरम, होशंगाबाद, कटनी, भोपाल, उमरिया एवं राजगढ जिले से हैं। रतलाम जिले के राघव चौधरी के मॉडल एंडवास इनहेलर ट्रेकर माड्यूल है जो अस्थेमेटिक बुर्जुगों को रात्रि में इनहेलर खोजने में मदद करता है। इनके मार्गदर्शक शिक्षक शैलेन्द्र पुरोहित है।
बता दे कि इंस्पायर अवार्ड के लिए सत्र 2022-23 में रतलाम जिला 5026 आइडियाज अपलोड करके प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहा था। जिनमें से 117 सहभागियों के आईडीयाज को अवार्ड प्राप्त हुआ था। जिला स्तर पर इनमें से 76 प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिसमें 7 प्रतिभागी राज्य स्तर के लिए चयनित हुए।
इनमें से 6 प्रतिभागियों ने भोपाल में राज्य स्तरीय उक्त प्रदर्शनी में सहभागिता की एक प्रतिभागी ने ऑनलाईन प्रतिभागिता की। जिला शिक्षा अधिकारी केसी शर्मा, जितेंद्र जोशी आदि ने राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित राघव चौधरी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी।