गुना। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का उद्घाटन आज होगा। देश के गृहमंत्री अमित शाह इंदौर में मुख्य कार्यक्रम में शामिल होकर उद्घाटन करेंगे। जिला स्तर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम होगा।
प्राचार्य प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीके तिवारी द्वारा दी गई जानकारी अनुसार जिले के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गुना का मप्र शासन द्वारा प्रदेश के 54 महाविद्यालयों के साथ गुना में भी कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में उन्नयन किया गया। जिले में इस महाविद्यालय का उद्घाटन ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य एवं प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की अध्यक्षता में शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय इन्दौर से 14 जुलाई को दोपहर 2 बजे वर्चुअली माध्यम से किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से प्रारम्भ होगा जिसमें प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गुना का मंत्री उद्घाटन करेंगे। जारी कार्यक्रम अनुसार स्थानीय स्तर पर इस कार्यक्रम के लिये विधायक गुना पन्नालाल शाक्य, विशिष्ट अतिथि नपा अध्यक्ष सविता अरविन्द गुप्ता, अध्यक्ष कॉलेज जनभागीदारी समिति आशीष मंगल उपस्थित रहेगें।