पिपलिया मंडी। गुरुदेव मेरे दाता, हमको ऐसा वर दो, सेवा सुमिरन विद्या, झोली में मेरे भर दो..., इसी भावना को ध्यान में रखते हुए कबीर किड्स प्ले स्कूल पिपलिया मंडी में गुरु पूर्णिमा का उत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया।
नन्हें मुन्ने बच्चों ने पीले रंग की वेशभूषा धारण कर विद्यालय प्रांगण में प्रवेश किया। कार्यक्रम का आरंभ मां सरस्वती की आराधना तथा गुरु वंदना से किया गया। बच्चों ने अपने गुरुओं के चरण स्पर्श कर उन्हें तिलक लगाकर पुष्प भेंट किए। विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल प्रीति कपूर ने बच्चों को गुरु पूर्णिमा के महत्व के बारे में बताया। साथ ही उन्हें बताया कि हमें हमेशा अपने गुरुओं का आदर करना चाहिए और उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। गुरु ही वह व्यक्ति होता है जो हमारे जीवन में ज्ञान का संचार करता है तथा अज्ञान रूपी अंधेरे को दूर भगाता है।
इसी श्रृंखला में विद्यालय में कई खेलों व एक्टिविटी का आयोजन किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम में बच्चों की सहभागिता सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका उमा रामचंदानी ने किया तथा आभार शिक्षिका सोनिया गहलोत ने माना।