नीमच। सावन की पावन बेला में रविवार को नीमच की सड़कों पर शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लखेरा समाज की ओर से आयोजित कावड़ यात्रा में 200 से अधिक महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने कंधों पर कावड़ उठाकर भगवान शिव से अच्छी वर्षा, विश्व शांति एवं सर्वजन कल्याण की मंगलकामना की। यात्रा के दौरान पूरा शहर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से गूंज उठा।
कावड़ यात्रा का शुभारंभ किलेश्वर मंदिर से हुआ। यहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल कावड़ में भरा और भगवान शिव के जयकारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए लखेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुए। सिर पर कावड़, जुबां पर भोलेनाथ का नाम और मन में लोककल्याण की भावना लिए श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे।
लखेश्वर मंदिर पहुंचने के बाद कावड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा, सुख-समृद्धि, विश्व शांति एवं सर्वजन कल्याण की प्रार्थना की।
सावन में निकली यह कावड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और लोककल्याण का संदेश भी दे गई। श्रद्धालुओं की भक्ति और शिव जयकारों से शहर का वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया।