नीमच। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का 24 वां प्रांतीय सम्मेलन आज नीमच के टाउन हॉल में आयोजित किया गया। जिसमें प्रदेश भर के पत्रकार सम्मिलित हुए। इस अवसर पर अतिथि के रूप में सम्मिलित विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि पत्रकारों ने मां भारती की सेवा में अहम योगदान दिया है। सम्मेलन में पत्रकारों द्वारा हमारे सम्मुख रखी गई समस्याओं को हम मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।

जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने पत्रकारों को संबोधित करते कहा कि पत्रकार दिशा दिखाने का काम करता है। वर्तमान सरकार की कई योजनाएं पत्रकारों के लिखे हुए समाचारों की देन है। मनासा विधायक माधव मारू ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनप्रतिनिधि पत्रकारों को गुरु मानते हैं। पत्रकारों को जो कुछ मिलना चाहिए था, वह अभी तक नहीं मिला। उन्होंने मशविरा दिया कि पत्रकारों के कार्यों की भी समीक्षा होनी चाहिए। कार्यक्रम में कलेक्टर दिनेश जैन, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने भी शिरकत की।प्रांतीय सम्मेलन की शुरुआत मां शारदे की पूजा और सरस्वती वंदना के साथ हुई। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के पदाधिकारीयों द्वारा जनप्रतिनिधियों को 21 सूत्री मांग पत्र भी सौंपा गया। प्रांतीय सम्मेलन में शलभ भदोरिया, शरद जोशी, मोहम्मद अली, उपेंद्र गौतम, अनिल त्रिपाठी, प्रदीप जैन, राजेंद्र पुरोहित, दिलीप सिंह भदोरिया, कैलाश राठौड़, चौन सिंह सोलंकी, प्रतिष्ठा ठाकुर आदि मंचासीन रहे। अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कपिल सिंह चौहान ने किया।