चित्तौडगढ़। चित्तौडगढ़ लोकसभा क्षेत्र सांसद सीपी जोशी ने सांसद जन सेवा केन्द्र पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और जन सुनवाई की। कृषि विज्ञान केन्द्र में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृक्षा रोपण किया, कपासन विधानसभा क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय विद्यालय, दामाखेड़ा के प्राथमिक ब्लॉक और भूपालसागर पंचायत समिति स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय विद्यालय, मालीखेड़ा के प्राइमरी विग का उद्घाटन किया और वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में हींता के चामुंडा माताजी मंदिर के परिसर में आयोजित मतदाता अभिनंदन समारोह में देश मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने पर कार्यकर्ताओं व मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
सांसद सीपी जोशी ने मतदाता अभिनंदन समारोह के दौरान उपस्थित जन समूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में देश-प्रदेश सहित चित्तौड़गढ के विकास में कोई कमी नहीं आई और अगले पांच सालों में विकास का इतिहास बनेगा। प्रदेश की जनता को भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भरोसा है और इसी भरोसे के चलते विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिला।
सीपी जोशी ने कहा कि भाजपा जो कहती है वो करती है राजस्थान में भाजपा की सरकार ने सत्ता में आने के बाद जिस प्रकार काम करना शुरू किया उससे यह तस्वीर सामने आई कि प्रदेश में ऐसी सरकार बनी है जिसने पहले ही दिन से प्रदेश के कल्याण के लिए काम करना शुरू किया। सत्ता में आते ही 30 दिन में प्रदेश की जनता को 450 रूपये में उज्जवला गैस सिलेण्डर देने की घोषणा की। जनता ने देखा कि भाजपा की सरकार ने छ माह में ही जनहित में ईआरसीपी को धरातल पर उतारा, यमुना जल समझौता किया, सामाजिक पेंशन और किसान सम्मान निधि का पैसा बढ़ाने सहित अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के मांग पर बजट में ने बजट में लोकसभा क्षेत्र को कई सौगातें दी है, भाजपा सरकार में कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलता है। इसके विपरीत प्रदेश में पूर्व की कांग्रेस सरकार ने जनता को सिर्फ वादे और नारे ही दिए, धरातल पर काम नहीं किया।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग सह-संयोजक नाहर सिंह जोधा, सहकारिता प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, विधायक उदय लाल डांगी, देहात जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान, चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष मिट्ठू लाल जाट, जिला प्रमुख ममता कंवर पंवार, भूपेंद्र सिंह बड़ौली समेत वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता व आमजनों की उपस्थिति रही।