सतना। सांसद गणेश सिंह ने पिछले दिनों संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट को विकसित भारत के संकल्प की नींव को मजबूत करने का मोदी सरकार का बड़ा प्रयास बताते हुए कहा है कि इस बजट में हर क्षेत्र,हर वर्ग की चिंता की गई है।
रविवार को स्थानीय भाजपा कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद गणेश सिंह ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया भर में अग्रणी स्थान बना रहा है। मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने देश के हर वर्ग के नागरिक का जीवन स्तर सुधारने के लिये न केवल तमाम योजनाएं बनाई हैं। बल्कि उनका क्रियान्वयन भी किया है। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के जिला महामंत्री रमाकांत गौतम, जिला मंत्री कामता पांडेय ,प्रवक्ता शयमलाल गुप्ता एवं अतुल सिंह परिहार भी मौजूद रहे।
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि कोविड के बाद कई देशों की अर्थव्यवस्था लड़खड़ाई लेकिन भारत की गति बरकरार रही। इस बार देश की सरकार ने 48 लाख करोड़ का बजट पेश किया है,हमारी विकास दर 8. 4 और मुद्रास्फीति 5 परसेंट के आसपास है। बुनियादी जरूरतों की पूर्ति के साथ रेल ,हवाई सेवा,जल मार्ग सभी मे भारत ने प्रगति की है।
विकास के मामले में देश का कोई भी राज्य क्षेत्र अछूता नहीं है। नार्थ ईस्ट में भी केंद्र सरकार ने खूब काम किये। सतना समेत 100 स्थानों से हवाई सेवा शुरू की जा रही है। सांसद ने कहा कि सरकार का मानना है कि गरीबो की जरूरतें पूरी होने पर देश का विकास होगा इसलिए हमारी सरकार ने इसकी चिंता की है।
अभी तक देश मे 4 करोड़ घर बनाये,12 करोड़ को सिलेंडर दिए, 80 करोड़ को अनाज दिया और 13 करोड़ शौचालय बनाये। इस बजट में 3 करोड़ नए घर बनाने का लक्ष्य लिया गया हैं। अभी तक 8 लाख किमी ग्रामीण सड़क बनाई गई है। अब 25 हजार बस्तियों को सड़क से जोड़ने का लक्ष्य है। सांसद सिंह ने कहा कि इस बजट में बहुत सारे रास्ते खोले गए हैं। पीएम जन-धन, पीएम जन वन योजना,विश्वकर्मा योजना शुरू की गई है।