इंदौर। पश्चिम मध्य रेलवे के नित नए नवाचार से यात्री सुविधाओं का लाभ लगातार मिल रहा है। रेलवे की नई और स्पेशल ट्रेनों से लोगों को खूब फायदा हो रहा है। खास तौर पर सावन में बड़ी संख्या में लोग ट्रेनों से मंदिर के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ट्रेनों के जरिये महाकाल के दर्शन के लिए भी लोग बड़ी संख्या में कोटा से जा रहे हैं। ऐसे में रेलवे ने एक और नई पहल की है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है। रेल प्रशासन सावन मेले के मौके पर यात्री भीड़ को कम करने के उद्देश्य से कोटा से इंदौर के मध्य एक स्पेशल ट्रेन का संचालित कर रही हैं। यह स्पेशल गाड़ी दोनों दिशाओं में 30 जुलाई से 20 अगस्त के बीच मंगलवार साप्ताहिक रूप में 4-4 ट्रिप चलेगी। गाड़ी संख्या 09803/09804 कोटा-इंदौर-कोटा स्पेशल, कोटा से दोपहर 02.10 बजे प्रस्थान करेगी और रात 9.00 बजे इंदौर पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी में इंदौर से रात 10.40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन कोटा सुबह 06.25 बजे पहुंचेगी। यह गाड़ी दोनों दिशाओं में कोटा से इंदौर के बीच रामगंजमंडी, भवानीमंडी, शामगढ़, सुवासरा, चौमहला, विक्रमगढ़ आलोट, महिदपुर, नागदा, उज्जैन एवं देवास स्टेशन पर रुकेगी।