सिंगोली। विगत 15 दिनों से बिजली कटौती की पीड़ा झेल रहे ग्रामीणों ने मंगलवार को सिंगोली कस्बा स्थित विद्युत वितरण केंद्र का घेराव किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम माता खेड़ा से बस में सवार होकर ग्रामीण पहले नीमच गए जहां कलेक्टर के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त करने के बाद सिंगोली पहुंचे, जहां विद्युत वितरण केंद्र का घेराव कर बीते 15 दिनों से बंद गांव की बिजली व्यवस्था को बहाल करने की मांग की।
मंगलवार शाम इस आशय की जानकारी देते हुए माता खेड़ा निवासी शांतिलाल, रोशन, रफीक, अल्ताब हुसैन, देवालाल और असलम आदि ग्रामीणों ने बताया कि 15 दिन पूर्व जब बार बार बिजली बंद होने की समस्या बनी हुई थी, तब विभागीय कर्मचारियों ने स्थाई समाधान के लिए गांव के ट्रांफार्मर को खोल कर उसे दुरुस्ती के लिए भेजा। लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी ट्रांफार्मकर वापस नहीं लगाया गया।
इस बीच ग्रामीणों ने बारिश के मौसम में ग्रामीणों को हो रही परेशानी से भी अवगत कराया लेकिन विद्युत कर्मचारियों ने इस और ध्यान नहीं दिया। ऐसे में मजबूरन ग्रामीणों को विद्युत वितरण केंद्र का घेराव करना पड़ा। बताया जाता है कि इससे पूर्व ग्रामीण नीमच भी गए जहां गांव की अन्य समस्याओं को लेकर कलेक्टर को शिकायत की गई।