नीमच। जिले में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पर शहर के स्थित गांव गिरदौड़ा के ग्रामीण, सरपंच प्रतिनिधि के साथ एकत्रित होकर पहुंचे। जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए एक शिकायती ज्ञापन दिया। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि जैतपुरा चौराहा के समीप स्थित धानुका स्टार्च फैक्ट्री से गांव मे प्रदूषण हो रहा है।
पिछले दिनों बारिश शुरू होने के बाद फैक्ट्री के द्वारा गंदा पानी बाहर नाले में छोड़ दिया गया। जो गांव के आसपास फैल गया है। इससे गांव में जल प्रदूषण का खतरा उत्पन्न हो रहा है। इसके साथ ही लोगों के सामने पेयजल का संकट भी खड़ा हो रहा है। इतना ही नहीं फैक्ट्री की प्रदूषित हवा से पहले ही लोग काफी समय से परेशान हो रहे हैं।
इस बारे में ग्रामीणों ने पहले भी कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया और ज्ञापन दिया। बावजूद इसके कोई भी कार्यवाही नही हुईं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी हैं कि यदि जल्द ही उक्त समस्या का निराकरण नहीं किया जाता है, तो आगे वह उग्र आंदोलन करेंगे।