शाजापुर। जिले के ग्राम पिपलिया नौलाय के ग्रामीण बुधवार दोपहर शाजापुर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर बताया हमें जिस भूमि पर ग्राम पंचायत के माध्यम से पट्टे दिए गए, उस भूमि को जिला प्रशासन ने शासकीय घोषित कर दिया है।
पूर्व में भी यह शासकीय भूमि थी, इसे आवासीय भूमि में बदलकर यहां 100 से ज्यादा लोगों को स्वामित्व योजना के तहत पट्टे प्रदान किए गए। इन पट्टों पर ग्रामीणों ने अपने पक्के मकान भी बना लिए।
आवासीय भूमि घोषित किया जाएं
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया हमारा गांव पिपलिया नौलाय ग्राम पंचायत लसुल्डिया जगमाल में आता है। वर्ष 2000-2001 में ग्राम पंचायत ने ठहराव प्रस्ताव कर हमें विधिवत पट्टे दिए थे। राजस्व रिकार्ड में हम सभी के नाम भी दर्ज हो गए। 2017-18 में राजस्व रिकार्ड में हमारे नाम हटाकर इसे शासकीय भूमि घोषित किया गया।
तत्कालीन कलेक्टर को ज्ञापन देकर उस समय भी हमने इस मामले को उठाया था। उस समय शासकीय भूमि से आवासीय भूमि बना दी गई। अब फिर से राजस्व रिकार्ड में इसे शासकीय भूमि घोषित किया गया है। इस भूमि को वापस आवासीय भूमि में परिवर्तित किया जाएं।