भोपाल। बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के लोकसभा में राहुल गांधी की जाति का मुद्दा उठाए जाने के बाद देश की सियासत गरमा गई है। वहीं अब इसकी आंच मध्य प्रदेश तक भी पहुंच गई है। इस मामले को लेकर कांग्रेस बीजेपी पर हमलावर हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी पलटवार करते हुए अनुराग ठाकुर को जवाब दिया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा भारतीय जनता पार्टी उन राहुल गांधी जी की जाति जानना चाहती हैं। जिनके परिवार का देश की आज़ादी की जंग में योगदान रहा और अपनी उम्र तक खपा दी, जिनकी दादी और पिता ने इस देश के लिए शहादत दी। पटवारी ने ने कहा हमारी पार्टी जातिगत जनगणना करना चाहती है,ताकि जिस जाति की जितनी हिस्सेदारी है उसको उतना अधिकार मिले। लेकिन बीजेपी के लोग लगातार जातिगत जनगणना का विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कल अनुराग ठाकुर ने सदन में जो बयान दिया, उससे साफ है कि बीजेपी के लोग जातिगत जनगणना नहीं चाहते हैं और यही भाजपा की सोच है। मैं अनुराग ठाकुर को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने भाजपा की सोच को देश के सामने रखा है। बीजेपी के लोग कुछ भी कहें लेकिन राहुल गांधी समाज के विभिन्न तबकों की आवाज लगातार उठाते रहेंगे।
बता दें कि मंगलवार को लोकसभा में बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने सदन में राहुल गांधी की जाति पूछ ली। उन्होंने कहा ‘जिसकी जाति का पता नहीं, वो गणना की बात करता है’। इस टिप्पणी के बाद कांग्रेस अनुराग ठाकुर पर हमलावर हो गई है।