टीकमगढ़। शहर के उत्सव भवन में बुधवार को ग्राम और नगर रक्षा समिति के सदस्यों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपदा प्रबंधन से निपटने के उपाय बताए गए। साथ ही 1 जुलाई से लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों के बारे में जानकारी दी गई।
एएसपी सीताराम ससत्या ने बताया कि एसपी रोहित काशवानी के निर्देश पर आज उत्सव भवन में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम और नगर रक्षा समिति के सक्रिय सदस्यों को उनके कर्तव्यों और पुलिस विभाग के लिए उनकी महत्ता के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में कानून व्यवस्था, यातायात, सूचना संकलन, अपराध रोकथाम और आपदा प्रबंधन से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा 1 जुलाई से देश में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानून के बारे में जानकारी दी गई। एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान साइबर अपराध क्या है और उनसे कैसे बचा जा सकता है। इस बारे में भी जानकारी दी गई।
इस दौरान उत्सव भवन के मैदान में नगर और ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को आगजनी की घटनाओं से निपटने के उपाय बताए गए। इस मौके पर डीएसपी दिलीप पांडे, पुलिस आरआई विशाल मालवीय, यातायात प्रभारी कैलाश पटेल, सूबेदार उत्तम सिंह, प्लाटून कमांडर अमित दुबे सहित करीब 250 से ज्यादा ग्राम और नगर रक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे।