देवास। शहर के सबसे व्यस्ततम मार्ग एमजी रोड, पुराना बस स्टैंड सहित अन्य क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल व सभापति रवि जैन टीम के साथ बाजार में घूमे। उन्होंने दुकानदारों को फूल भेंटकर अस्थाई अतिक्रमण हटाने को कहा। उन्होंने कहा- आगे नगर निगम के मुहिम चलेगी और अतिक्रमण हटाया जाएगा। एमजी रोड का चौड़ीकरण और सौंदर्यकरण होना है, जिसे लेकर कुछ दिनों पहले निगमायुक्त और सभापति ने पार्षदों के साथ घूमकर एमजी रोड पर व्यापारियों को गुलाब का फूल देकर अतिक्रमण हटाने की अपील की थी।
6 करोड़ 50 लाख की शासन से मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री अधोसंरचना अन्तर्गत 6 करोड़ 50 लाख की लागत से शहर के एमजी रोड का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों की शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि शहर के व्यस्ततम मार्ग एमजी रोड का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिसमें निगम द्वारा मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत एमजी रोड चौड़ीकरण कार्य के लिए राशि रुपए 6 करोड़ 50 लाख की योजना तैयार कर शासन को भेजी गई थी, जहां से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
महापौर ने बताया कि प्राप्त राशि से एमजी रोड के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों के लिए शीघ्र ही टेंडर आमंत्रित कर काम शुरू कर दिया जाएगा।