बड़वानी। जिले के डूब क्षेत्र कसरावद गांव में नर्मदा बचाओ आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने समाज सेवी मेधा पाटकर के नेतृत्व में एक बार फिर जल सत्याग्रह शुरू हो गया है। मेधा पाटकर का कहना है कि नर्मदा का जल स्तर 136 मीटर से ऊपर पहुंच चुका है। हजारों परिवार डूब की कगार पर खड़े हैं। कानून, नीति, न्यायिक आदेशों का उल्लंघन, बिना पुनर्वास डूब नामंजूर है।
उन्होंने कहा कि 13 सितंबर की रात ओंकारेश्वर बांध के 8 गेट खोले गए हैं। उसका जलप्रवाह, इंदिरा सागर से निकासित जलप्रवाह सरदार सरोवर क्षेत्र में पहुंचने पर बड़वानी, धार, खरगोन तक के गांव, खेती, अलिराजपुर जिले की खेती भी, पुनर्वास के सभी लाभ न पाते हुए डूब सकती है। पिछले साल से कई परिवार शासकीय भवनों में, कई परिवार किराए या रिश्तेदारों के मकानों में और 2019 से टीनशेड्स में रखे गए 500 परिवारों का आजतक पूर्ण पुनर्वास नहीं हो पाया है।
मेधा पाटकर ने कहा- आज मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र तथा केंद्र शासन को चेतावनी भरा आवाहन भी है कि नर्मदा के बांधों से जलनियमन प्रभावी, समयबद्ध तरीके से करें। सरदार सरोवर के गेट पर्याप्त मात्रा में खोलकर जलस्तर अब आगे नहीं बढ़ने दें। पीढ़ियों पुराने नर्मदा किनारे बसे परिवारों को बर्बाद न करें और आने वाले वर्षभर में युद्ध स्तरीय कार्रवाई के द्वारा सबका न्यायपूर्ण पुनर्वास करें।