भोपाल। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पास गृह विभाग भी है पर यहां कानून व्यवस्था कमजोर है और सरकार असक्षम है। राजनीतिक रूप से अगर एसपी कलेक्टर की पोस्टिंग होगी तो जो पैसे देकर जा रहे हैं वे अपने हिसाब से काम करेंगे, वे मुख्यमंत्री की भी नहीं सुनेंगे। छतरपुर और उज्जैन में हुई घटना असंवैधानिक कार्यवाही का साक्ष्य है। अपराधिक मामलों में संवैधानिक कार्यवाही होना चाहिए। इन दोनों ही जिलों के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जो टिप्पणी की है, उसका मान रखना चाहिए। मुख्यमंत्री सुप्रीम कोर्ट से तो बड़े नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन और छतरपुर के एसपी को क्यों नहीं हटाया गया? सरकार को निष्पक्ष रूप से काम करना चाहिए।
उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि कोई भी अधिकारी कर्मचारी है, संविधान के अनुसार हर नौकरशाह की आम जनता के प्रति जिम्मेदारी है। किसी भी जिले में कलेक्टर किसान से क्यों नहीं मिलते हैं। कलेक्टर को किसानों से मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री को इसे देखना चाहिए, आखिर ऐसा क्यों हो रहा है? कलेक्टर और एसपी की पोस्टिंग कैसे हो रही है, यह सबको पता है।