नीमच। मध्य प्रदेश संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के बैनर तले मंगलवार को नगर पालिका के सभी संविदा कर्मचारी विधायक दिलीप सिंह परिहार के आवास पर पहुंचे। जहां उन्होंने विधायक को अपनी मांगों का एक ज्ञापन दिया। इसके माध्यम से मुख्य रूप से यह मांग की गई कि सरकार के आदेशानुसार संविदा कर्मचारियों को वर्ष 2023 की संवैधानिक नीति के अनुसार प्रदत्त सेवाओं का लाभ दिया जाए।
संविद नगर पालिका कर्मचारियों का कहना है कि उनकी नियुक्ति नगर पालिका के द्वारा सभी शासन के नियमों का पालन करते हुए की गई है। कई कर्मचारी लगातार पिछले 10 से 15 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें दैनिक वेतन भोगी के मान से वेतन दिया जा रहा है। शासन में ऐसे सभी कर्मचारियों को संविदा कर्मचारियों नीति 2023 के अनुसार वेतन भत्ता और अन्य सुविधा का लाभ देने का आदेश जारी किया था।
आरोप है कि नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारी इस आदेश का पालन नहीं कर रहे है। उन्हें उक्त आदेशानुसार लाभ नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में उक्त अधिकारियों को आदेशित किया जाए। वहीं मामले पर नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार में नगर पालिका के संविदा कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जल्द कलेक्टर से चर्चा कर समाधान की बात कही है।