चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष मान सिंह चुंडावत एवं सचिव योगिता पारीक के मार्गदर्शन में विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
जिला मुख्यालय पर नियुक्त लीगल एड डिफेंस काउंसिल एवं पैरा लीगल वॉलेंटियर्स द्वारा कारागृहों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा आमजन के मध्य आयोजित शिविरों में न्याय तक पहुंच, मौलिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर बताया गया कि विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस का उद्देश्य आमजन को बुनियादी कानूनी अधिकारों, न्याय प्राप्ति की प्रक्रिया, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा कल्याणकारी सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। यह दिवस मानवाधिकारों की रक्षा, निष्पक्ष न्याय प्रणाली को सशक्त बनाने तथा विश्व शांति, सुरक्षा एवं मानव कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने का संदेश देता है।
शिविरों में विद्यार्थियों एवं आमजन को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना, मध्यस्थता, लोक अदालत, नालसा एवं रालसा की विभिन्न योजनाओं, स्थायी लोक अदालत सहित अन्य विधिक प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों एवं मूल कर्तव्यों से अवगत कराते हुए न्याय के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।