चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अर्बन कोऑपरेटिव बैंक ने अंशधारियों को 10 प्रतिशत लाभांश वितरण अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। बैंक के स्टाफ प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विगत आमसभा में स्वीकृत लाभांश राशि सदस्यों के खातों में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कार्यक्रम में बैंक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया, उपाध्यक्ष शिव नारायण मानधना, प्रबंधन मंडल अध्यक्ष दिनेश सिसोदिया, प्रबंध निदेशक वंदना वजीरानी सहित निदेशक मंडल के सदस्य और बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक (जनसंपर्क) जे.पी. जोशी ने बताया कि बैंक जल्द ही अपने अंशधारियों के खातों में लगभग 42 लाख रुपये की लाभांश राशि स्थानांतरित करेगा।
इस अवसर पर बैंक अध्यक्ष डॉ. सेठिया ने कहा कि बैंक स्थापना के बाद से हर वर्ष नियमित रूप से लाभांश वितरण किया जा रहा है, जो बैंक की वित्तीय मजबूती, लाभप्रदता और विश्वसनीयता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं द्वारा नियमित लाभांश देना सदस्यों के विश्वास और संस्था की सुदृढ़ कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन महाप्रबंधक (बैंकिंग ऑपरेशन) दिनेश खंडेलवाल ने किया।