देवास। आयशर कंपनी परिसर में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उज्जैन ज़ोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राकेश गुप्ता एवं उज्जैन रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक नवनीत भसीन की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं आयशर कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीजी राकेश गुप्ता ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी को नशा छोड़ने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा एक “वन-वे ट्रैफिक” की तरह है, जिस रास्ते पर चलने वाला व्यक्ति अक्सर वापस नहीं लौट पाता। इसलिए युवाओं को इस गलत राह पर जाने से रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने भावनात्मक रूप से संदेश देते हुए कहा कि यदि नशा करना ही है, तो मेहनत, देशभक्ति, समाजसेवा और मानवता का नशा करें, न कि उन बुरी आदतों का जो जीवन और भविष्य को बर्बाद कर देती हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे देश के निर्माण में “नींव के पत्थर” बनकर योगदान दें, ताकि स्वतंत्रता सेनानियों का सपना साकार हो और भारत विश्व गुरु के रूप में स्थापित हो सके।
डीआईजी नवनीत भसीन ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों को तोड़ता है, जागरूकता और सामूहिक प्रयास से ही इसे खत्म किया जा सकता है। वहीं एसपी पुनीत गेहलोद ने कहा कि पुलिस लगातार अभियान चलाकर युवाओं को जागरूक कर रही है और सभी के सहयोग से नशा मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।