नीमच। आम आदमी पार्टी नीमच जिला इकाई ने 19 जुलाई को सोनम वांगचुक के समर्थन में विरोध मार्च निकालने की घोषणा की है। पार्टी का आरोप है कि आमरण अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक की मांगों की केंद्र सरकार अनदेखी कर रही है।
जिला अध्यक्ष डॉ. राजू पाल और संगठन सचिव चंद्रेश सैन ने बताया कि पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोनम वांगचुक आमरण अनशन पर हैं, लेकिन अब तक केंद्र सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है।
पार्टी के अनुसार, 19 जुलाई शाम 4 बजे भारत माता चौराहे से विरोध मार्च शुरू होगा। यह मार्च पुस्तक बाजार, जाजू बिल्डिंग और घंटाघर गली होते हुए पुनः भारत माता चौराहे पर समाप्त होगा।
आम आदमी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं और जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर विरोध मार्च को सफल बनाने की अपील की है।