चित्तौड़गढ़। हिंदू युवा वाहिनी के उदयपुर संभाग अध्यक्ष पद पर मनोनीत होने पर विनोद वैष्णव का मूंगाना स्थित श्री सांवरिया धाम आश्रम में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संत-महात्माओं एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने उन्हें आशीर्वाद प्रदान करते हुए सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विनोद वैष्णव ने गुरुदेव चेतन दास जी महाराज के चरणों में पूजा-अर्चना एवं वंदना की। इसके पश्चात महंत अनुज महाराज एवं महंत रामपाल दास महाराज ने उन्हें माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा आशीर्वाद प्रदान किया।
श्री चेतन वेद गुरुकुलम के बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंगलाचरण प्रस्तुत कर विनोद वैष्णव को वेदमंत्रों के माध्यम से शुभाशीष दिया। वैदिक ध्वनियों एवं जयघोषों से आश्रम का वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा।
इस अवसर पर महंत मुरलीदास महाराज, जगदीश वैष्णव, दिनेश वैष्णव (छापरी), पंडित अशोक तिवारी (गोपालनगर), पवन वैष्णव (जालमपुरा), उदयलाल गुर्जर (आमेलिया), मुकेश सहित अनेक श्रद्धालु, हिंदुत्व प्रेमी एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी सदैव राष्ट्रहित, गौ-रक्षा, धर्म रक्षा, संस्कृति संरक्षण एवं समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विनोद वैष्णव के नेतृत्व में संगठन उदयपुर संभाग में और अधिक सशक्त होकर सनातन संस्कृति एवं हिंदुत्व के मूल्यों के प्रचार-प्रसार में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।