नीमच। जिला पुलिस लाइन में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दशहरा के पावन अवसर पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस विभाग के वाहनों की भी पूजा की गई। पूजन के दौरान सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी अंकित जायसवाल, एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, डीएसपी निलेश्वरी डाबर, सीएसपी अभिषेक रंजन, थाना प्रभारी पुष्पा चौहान, निलेश पाटीदार आदित्य मालू और अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे। विद्वान पंडित घनश्याम शर्मा द्वारा पूरे विधि विधान से मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना करवाई गई। मौजूद जनप्रतिनिधि और अधिकारियों द्वारा पूजन के साथ आरती की गई।
उल्लेखनीय है कि विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा के माध्यम से सांस्कृतिक परंपरा का निर्वाह किया जाता है। पूजन के दौरान तमाम तरह के हथियार पूजा में प्रतीक स्वरूप शामिल किए गए। पूजन के बाद पुलिस के जवानों द्वारा शास्त्र चलकर हवा में फायरिंग की गई। इस अवसर पर एसपी अंकित जायसवाल ने जिले वासियों को दशहरा की बधाई देते हुए नागरिकों के प्रति सुरक्षा को लेकर पुलिस के कर्तव्यों के संकल्प को दोहराया। पूजन के बाद प्रसादी वितरण का कार्यक्रम हुआ। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा इस बार पुलिस द्वारा की जाने वाली शस्त्र पूजा में जनप्रतिनिधियों को भी उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था।