नीमच। शहर की कृषि उपज मंडी में आज मूंगफली की करीब 12 हजार बोरी आवक रही। यदि भावों की बात करें तो मूंगफली औसत 3500 से लेकर बहुत बढ़िया क्वालिटी की 5200 रूपए तक बिकी। मिट्टी वाली,गीली और बहुत निचले दर्जे की मूंगफली का भाव किसानों को दो से ढाई हजार रुपए तक आया।
किसानों का कहना था कि उम्मीद के मुताबिक भाव नहीं मिलने से हम लोग निराश हैं। अन्नदाताओं ने यह भी कहा कि इक्का दुक्का ढेर के भाव 5000 या इससे से अधिक आए हैं। बाकी तो 4200 से लेकर 4500 के आसपास ही भाव मिले हैं। किसानों ने कहा कि सोयाबीन से त्रस्त होकर मूंगफली के पैदावार पर इस बार अधिक ध्यान दिया गया। जितना खर्चा और लागत आ रही है उसकी तुलना में मूंगफली का भाव किसानों को बहुत कम मिल रहा है। अन्नदाताओं का कहना था कि मूंगफली के भाव साढ़े पांच हजार रुपए से छह हजार तक मिलना चाहिए। कुछ किसानों का यह भी कहना था कि अधिक बारिश के कारण खेतों में मूंगफली खराब भी हुई है।