खरगोन। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा कसरावद नगर के मंडी रोड़ स्थित आदर्श मोहल्ला में आगामी 06 दिसंबर से 10 दिसंबर तक नौ कुंडीय गायत्री यज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा का दिव्य आयोजन रखा गया है। इस पांच दिवसीय आयोजन का शुभारंभ 06 दिसंबर को भव्य कलश एवं सद्ग्रंथ शोभायात्रा के साथ होगा।
इस दिव्य आयोजन के लिए गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं द्वारा नगर में प्रतिदिन जन संपर्क किया जा रहा है। रविवार को गायत्री परिजनों ने आदर्श मोहल्ला एवं जेल परिसर में कार्यक्रम के निमित्त प्रचार किया। इसके लिए सभी घरों में निमंत्रण पत्र भी दे रहे हैं।
गायत्री परिवार महिला मंडल की बहनों माधुरी मुकाती, संध्या पटेल, लक्ष्मी पटेल, पुष्पा पटेल, निकिता कुशवाह द्वारा स्थानीय बहनों के साथ घर घर जाकर यज्ञ में बैठने वाले दंपतियों की लिस्ट बनाई जा रही है। इसके साथ ही यज्ञ में होने वाले विभिन्न संस्कारों की सूची भी बनाई जा रही है।
गायत्री परिवार ने इस पांच दिवसीय संगीतमय आयोजन के लिए आदर्श मोहल्ला सहित नगर के समस्त भावनाशील श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।