शाजापुर। भारतीय संविधान जिसे 26 नवम्बर 1949 को अंगीकृत किया गया था, को अपनाने के दिन को हर वर्ष "संविधान दिवस" के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष संविधान को अपनाने के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर केंद्र सरकार ने सालभर चलने वाले उत्सव की शुरुआत "हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान" अभियान की टैगलाइन के तहत की है।
संविधान दिवस के अवसर पर राज्य शासन ने 26 नवम्बर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। कलेक्टर ऋजु बाफना ने जिले के सभी विभागीय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वशासी संस्थाओं एवं सार्वजनिक उपक्रमों में संविधान दिवस पर प्रस्तावना के सामुहिक वाचन के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही सामुहिक वाचन की तस्वीर (सेल्फी अथवा अन्य फोटो) पोर्टल, constitution75.com पर अपलोड करने के लिए भी कहा गया है। अपलोड करने के बाद वेबसाईट से प्रमाण पत्र भी प्राप्त होगा, जिसे सोशल मीडिया पर साझा किया जा सकता है।