खरगोन। शहर के डायवर्सन रोड़ स्थित विराज हॉस्पिटल में सोमवार को जमकर हंगामा बरपा। यहां एक 2 साल की बच्ची का दो माह से चल रहे उपचार के बाद भी सेहत में सुधार नही होने का आरोप लगाते हुए बच्ची के रिश्तेदारों और समाजजनों ने जमकर हंगामा किया।
मिली जानकारी अनुसार 2 वर्षीय बच्ची वंशिका पिता नानसिंह मुजाल्दे निवासी बुडकी दो माह पहले सीढिय़ों से गिरकर चोटिल हो गई थी। सिर में चोंट आने पर बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल लाया गया था। चिकित्सक डॉ. चिन्मय भालके ने बताया कि बच्ची को गंभीर हालत में लाया गया था, सिर में खून का थक्का जमने से ऑपरेशन किया गया था, करीब 4 ऑपरेशन किए जा चुके है, जिसमें दो ऑपरेशन का कोई शुल्क नही लिया गया। फिलहाल बच्ची की हालत में सुधार है, वह समझ भी रही है और खाना भी खा रही है। घाव भरने के लिए प्लास्टिक सर्जन की आवश्यकता है जो इंदौर में उपलब्ध है। परिजनों को सलाह दी है कि वह इंदौर उपचार के लिए ले जाए, लेकिन कुछ लोग हंगामा करने लगे। उनकी मांग है कि इंदौर जाने का खर्च अस्पताल प्रबंधन उठाए। यह अनुचित मांग है। हमने बच्ची की समय पर उपचार कर जान बचाई है। बच्ची के पिता नानसिंह ने बताया वंशिका के उपचार के लिए 6 एकड़ जमीन गिरवी रख 5 लाख रुपए जुटाए है। उसमें से सारे रुपए खर्च हो गए है। ऑपरेशन के बाद बच्ची के सिर का घाव नही भर रहा है, अब खर्च करने के लिए उनके पास रुपए नही है।