मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग द्वारा जनपद पंचायत मल्हारगढ़ सभागृह से राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह का शुभारंभ किया गया स राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह 30 नवंबर तक जिले में आयोजित किया जाएगा। जिसमें विभिन्न कार्यक्रम स्वास्थ्य संस्थाओं, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर जागरूकता के संबंध में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद,सीईओ जिला पंचायत राजेश जैन एवं डाक्टर मौजूद थे।
शुभारंभ एवं जागरूकता कार्यशाला में कलेक्टर अदिती गर्ग द्वारा कहा गया कि नवजात शिशुओं को संपूर्ण टीकाकरण अवश्य कराये, जिससे बच्चों में बीमारियों से लड़ने की क्षमता पैदा होती है। आशा कार्यकर्ता गृह भेट के दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओ को 6 माह तक स्तनपान के फायदे जरूर बताएं तथा 6 माह बाद ऊपरी आहार की शुरुआत कैसे करें। निमोनिया से बचाव एवं जागरूक करने के लिए पोस्टर एवं लीफलेट का विमोचन किया गया। सभी स्वास्थ्य संस्थाओ में निमोनिया बचाव के पोस्टर लगाकर प्रसूता महिलाओं एवं परिजनों को जागरूक करें। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.अनिल पामेचा ने बताया कि नवजात शिशुओं में एंटी माइक्रोबियल प्रतिरोध (एएमआर) को रोकने के लिए एंटीमाइक्रोबियल का उचित उपयोग करें। अनावश्यक एंटीबायोटिक दवाइयां न ली जाए। जिससे मानव शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ते हैं। शिशुओं में निमोनिया कैसे पनपता है इस संबंध में भी जानकारी दी गई जिससे बचने के उपाय बताए गए।