नीमच। नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल द्वारा बुधवार को दशहरा मैदान से जन-जागरण रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य मध्य प्रदेश शासन के नशा मुक्ति अभियान के साथ-साथ बालिका सुरक्षा, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक कर्तव्यों के प्रति जनमानस को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा, संस्था के चेयरमैन अनिल चौरसिया एवं विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष रस्तोगी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत प्राचार्य आशुतोष रस्तोगी, तरुण ओझा एवं नेहा शर्मा ने किया।
अपने उद्बोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा नशे के अभिशाप को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पुलिस प्रशासन भी सक्रिय सहभागिता निभा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा ने विद्यार्थियों द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों के प्रचार-प्रसार की सराहना की। वहीं संस्था के चेयरमैन अनिल चौरसिया ने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर एवं पोस्टर लेकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए नशा मुक्ति, बालिका सुरक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश आमजन तक पहुंचाए। रैली का समापन फोर जीरो चौराहे पर हुआ, जहां विद्यार्थियों ने सामाजिक विषयों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर पंकज श्रीवास्तव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन तरुण ओझा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।