देवास। भारत सरकार के एनसीईआरटी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आगामी 4 दिसंबर को होने वाले परख राष्ट्रीय शैक्षिक सर्वेक्षण (NAS -2024) के विषय में देवास जिले में चयनित 105 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के संस्था प्रभारियों की एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला डाइट देवास में आयोजित की गई। उन्मुखीकरण कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने चयनित शालाओं के संस्था प्रभारियों से कहा कि वह अपने श्रेष्ठ प्रयासों के साथ उक्त सर्वेक्षण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। जिससे जिले के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की रैंकिंग अच्छी रहें। इसके लिए राज्य व जिले से जारी विविध मॉक टेस्ट के माध्यम से बच्चों को बेहतर तैयारी करवाएं। कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि कक्षा 3, 6, 9 में होने वाले सर्वेक्षण में प्रथम स्थान पर रहने वाली शालाओं एवं बीआरसी /बीईओ को 50-50 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
उन्मुखीकरण कार्यशाला में जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप जैन, डाइट प्राचार्य डॉ राजेंद्र सक्सेना, डाइट व्याख्याता प्रशांत नामदेव ने सर्वेक्षण संबंधी जानकारी, सर्वेक्षण प्रक्रिया अंतर्गत -स्कूल प्रश्नोत्तरी (SQ), शिक्षक प्रश्नोत्तरी (TQ) तथा छात्र प्रश्नोत्तरी (PQ) एवं अचीवमेंट टेस्ट बुकलेट (ATB) तथा ओएमआर शीट आदि के विषय में जानकारी देने के साथ इनकी पूर्ति करने की प्रक्रिया बताई एवं सर्वेक्षण हेतु पूर्व तैयारी, मॉक टेस्ट प्रश्न पत्र आदि के साथ सर्वेक्षण हेतु नियुक्त होने वाले फील्ड इन्वेस्टिगेटर (FI), ऑब्जर्वर आदि की जानकारी प्रदान की।
उन्मुखीकरण कार्यशाला उपरांत कलेक्टर गुप्ता ने डाइट देवास द्वारा मॉडल स्तर पर डाइट में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को सीखने-सिखाने की प्रक्रिया अंतर्गत निर्मित आदर्श लाइब्रेरी का फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्मुखीकरण कार्यशाला एवं लाइब्रेरी लोकार्पण कार्यक्रम में डाइट व्याख्याता शैलेश राठौर, निपुण प्रोफेशनल शैफाली जोशी, एपीसी मुकेश निगम, बीआरसी किशोर वर्मा, कैलाश सिंह ठाकुर, सुनील कुमावत एवं सुनिल पटेल, आशीष परिहार सहित समस्त चयनित शालाओं के संस्था प्रभारी उपस्थित थे।