नीमच। नीमच में जल्दी ही औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन फेसिलिटेशन सेंटर प्रारंभ किया जाएगा। इसकी तैयारियां प्रांरभ हो गई है। इससे निवेशकों, उद्योगपतियों को सुविधा मिलेगी।यह जानकारी जिला प्रशासन द्वारा शनिवार को नीमच जिले में औद्योगिक विकास एवं निवेश प्रोत्साहन के लिए आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला में दी गई।
जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के अथक प्रयासों से शनिवार को जिला स्तरीय औद्योगिक विकास एवं निवेश प्रोत्साहन कार्यशाला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस कार्यशाला में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, दिलीप सिह परिहार, अनिरूद्ध मारू, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी अंकित जायसवाल, फेडरेशन आफ इंडियन एक्पोर्ट आर्गेनाईजेशन के मप्र प्रमुख अमित बरेठा, विदेश व्यापार निदेशालय के प्रशांत बोकाडे, एमएसएमई विकास संस्थान इंदौर के सहायक निदेशक आई तिर्केसहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, मण्डी व्यापारी, उद्योगपति, पहली बार उद्योग लगाने के इच्छुक ट्रेडर्स, उद्योग संघ के प्रतिनिधि, पदाधिकारी, आदि उपस्थित थे।
कार्यशाला के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि शासन प्रशासन का नये निवेशकों को बेहतर सहयोग मिल रहा है। युवा जिले में औद्योगिक निवेश के लिए आगे आए और निवेश कर नवीन उद्योग लगाए। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव भी औद्योगिक विकास एवं निवेश को बढावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे है।उन्होने कहा, कि एम.एस.एम.ई. सेक्टर का बजट 2019 में 6700 करोड़ था, जो आज बढ़कर 22 हजार करोड से अधिक हो गया है।नीमच औषधीय फसलों के लिए सुप्रसिद्ध क्षेत्र है, निवेश के लिए साहसी व्यापारियों के पीछे सरकार खड़ी है। सरकार शासन प्रशासन द्वारा नये औद्योगिक निवेषकों को हर संभव सहयोग किया जा रहा है।
विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा, कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश का अच्छा वातावरण, एवं सुविधाएं उपलब्ध है। एम.एस.एम.ई सेक्टर में जिले में 2019-20 में 65 करोड़ का फायनेंस हुआ था, जो वर्ष 2023-2024 में बढ़कर 800 करोड़ से अधिक हो गया है। सरकार की नई औद्योगिक पॉलिसी एवं एमएसएमई पालिसी से औद्योगिक विकास हो रहा है। उन्होने उपस्थित निवेशकों से औषधीय उत्पादों, प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने का आव्हान किया।
विधायक दिलीप सिह परिहार ने विश्वास दिलाया, कि नीमच में निवेशकों को कोई असुविधा नहीं होगी। उन्होंने कृषि उत्पादों पर आधारित उद्योग लगाने की अपील की। विधायक अनिरूद्ध मारू ने कहा, कि उद्योगपतियों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान किया जा रहा है, इससे नये उद्योग अवश्य आएंगे। उन्होने कॉलेजों में युवाओं को कार्यशाला आयोजित कर औद्योगिक विकास के लिए प्रेरित करने का सुझाव भी दिया। उन्होने कहा, कि जिले में प्रोसेसिंग क्षेत्र में असीम सम्भावनाएं है।