उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर की भस्म आरती में रविवार को बिहार के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया शामिल हुए। दोनों ने नंदी हाल से भगवान महाकाल की भस्म आरती में बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मनीष सिसोदिया भीड़ में पीछे बैठे नजर आए। वहीं राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने आरती के बाद देहरी से परिवार के साथ महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
दर्शन के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पर पानी फेकने की घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। सिसोदिया ने कहा कि महाकाल से प्रार्थना की है कि बीजेपी और केंद्र सरकार को सबको सद्बुद्धि दे। बाबा ने व्यवस्था बनाई है की लोग चुनाव लड़ें, और जिसको जनता पसंद करे वो जीते। लेकिन यह कहीं नहीं कहा कि जो नहीं जीत पा रहा है, तो दूसरे की हत्या कराने की कोशिश करें। दूसरे पर हमला कराए उनके ऊपर तेजाब फेंकना या आग लगाने की कोशिश करें।
कल भारतीय जनता पार्टी ने जो किया है उससे घृणित काम मैंने कभी नहीं देखा। अरविंद केजरीवाल जी दिल्ली के लोकप्रिय नेता हैं। बहुत हिम्मत से केंद्र से लड़ते हुए दिल्ली के सारे काम करवाएं। इस तरह से सरकार उन्हें रास्ते से हटाने की कोशिश कर रही है कि तो ठीक नहीं है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लोगों के लिए लड़ते रहे हैं। और हम लोग दिल्ली के लोगों के लिए आगे भी लड़ते रहेंगे।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि- बाबा के चरणों में तो बैठना ही अपने आप में सौभाग्य है। महाकाल के दरबार में मैंने उनके सानिध्य का अनुभव किया और हर वक्त ऐसा लग रहा था जैसे मेरा अहंकार, मेरा डर, मेरी चिंताए सब पंचतत्व में विलीन हो रही हैं। कोई चिंता नहीं बची। कोई डर नहीं बचा। अहंकार नहीं बचे यही मांगा है। देश के सारे बच्चों के लिए अच्छी से अच्छी शिक्षा की व्यवस्था हो ऐसी प्रार्थना की है।