भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में साइबर हेल्प डेस्क के शुभारंभ के बाद पहला मामला दर्ज हुआ है। दरअसल, स्नैपडील सर्च करने पर एक वृद्ध से ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया। बुजुर्ग से करीब एक लाख 30 हजार की धोखाधड़ी की गई है। पीड़ित ने हबीबगंज के साइबर हेल्प डेस्क में इसकी शिकायत की है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
साइबर ठगी के पीड़ितों को अब तुरंत मिलेगी मदद
भोपाल में साइबर हेल्प डेस्क की शुरुआत हो चुकी है। पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र ने हबीबगंज थाने में शुभारंभ किया है। राजधानी के हर पुलिस स्टेशन पर साइबर हेल्प डेस्क बनाया गया है। शहर के 37 स्थान में यह सुविधा शुरू की गई है। इसी के साथ भोपाल साइबर डेस्क की शुरुआत करने वाला मध्यप्रदेश का पहला शहर बन गया है।
सीएम डॉ मोहन ने दिए थे निर्देश
साइबर क्राइम के बढ़ते अपराध को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। फरियादी अब साइबर संबंधित कंप्लेन स्थानीय थानों में भी करा सकेंगे। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हर थाने में साइबर डेस्क और हर शहर में एक साइबर थाना खोलने के निर्देश दिए थे। पीड़ित अब 5 लाख तक की धोखाधड़ी की शिकायत नजदीकी थाने में कर सकेंगे। जल्द शिकायत होने से पीड़ित का पैसा सायबर पुलिस द्वारा तुरंत होल्ड करवाएगी या रिफंड होने की संभावना बढ़ जाएगी।