नीमच। मध्य प्रदेश में जननी 108 के पायलटों को विगत 8 माह से वेतन नहीं मिला है, जिसको लेकर मध्य प्रदेश के साथ नीमच जिले में भी जननी 108 के पायलेट अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है और वेतन सहित अपनी अन्य मांगों के निराकरण को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों सहित कलेक्टर और मुख्यमंत्री को भी पत्र प्रेषित कर समस्या के निराकरण की मांग कर रहे हैं।
अनिश्चितकालीन हड़ताल का आज रविवार को दूसरा दिन रहा। नीमच जिला मुख्यालय के जिला चिकित्सालय परिसर में 108 कार्यालय के बाहर पायलटों ने जननी 108 खड़ी कर प्रदर्शन किया। दिए गए आवेदन में जननी 108 के पायलटों ने बताया है कि वह लोग आशीर्वाद लाइफ सिक्योर प्राइवेट लिमिटेड और भरत शर्मा लाइव सर्विस के अधीनस्थ कार्यरत है, परंतु उपरोक्त दोनों कंपनियों का भुगतान काफी समय से नहीं हुआ है। उपरोक्त कंपनियों का भुगतान नहीं होने के कारण डीजल की समस्या उत्पन्न हो गई है और पेट्रोल पंप पर लाखों रुपए बकाया होने के कारण पेट्रोल पंप संचालकों ने भी उधार देने से मना कर दिया है। इसके अतिरिक्त विगत 8 माह से कर्मचारियों का वेतन भी बकाया चल रहा है। कई वाहन सर्विस हेतु सर्विस सेंटर पर खड़े हैं कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को वेतन नहीं देने की स्थिति में कर्मचारियों की हालत दयनीय हो गई है और परिवार पर आर्थिक संकट मंडराने लगा है। आवेदन में जननी 108 के पायलटों ने मांग की है कि उपरोक्त दोनों कंपनियों का भुगतान अवीलंब कराया जाए, जिससे पेट्रोल पंप संचालकों का बकाया डीजल का भुगतान और 8 माह से कर्मचारियों के वेतन का भुगतान हो सके।
कर्मचारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश में जब से जननी 108 की सेवाएं प्रारंभ हुई थी तब से चिकित्सा हेल्थ केयर द्वारा 5 वर्ष तक मध्य प्रदेश के सभी जिलों में 108 का सफल संचालन किया गया है परंतु वर्तमान में एक से डेढ़ वर्ष पूर्व अब चिकित्सा हेल्थ केयर की बजाय। उक्त टेंडर जय अंबे इमरजेंसी सर्विसेज का होने के बाद से ही 108 की व्यवस्थाएं चरमरा गई है। शासन द्वारा जय अंबे इमरजेंसी सर्विस को समय पर भुगतान किया जा रहा है, परंतु उनके अधीनस्थ चलने वाली आशीर्वाद लाइफ सिक्योर व अन्य संस्थाओं को जय अंबे द्वारा भुगतान समय पर नहीं किया जाने के कारण कर्मचारियों को नहीं वेतन समय पर मिल पा रहा है और ना ही डीजल का भुगतान। 108 के पायलट भी विगत दो दिनों से अपनी समस्या को लेकर डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अंशुल देव से मिलकर अपनी समस्या रखना चाहते हैं, परंतु उनके द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में जननी 108 के पायलटो में रोश व्याप्त है।