भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जमकर हंगामा हुआ। हिंदूवादी संगठनों ने धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि घर में प्रार्थना के बहाने धर्मांतरण किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
यह पूरा मामला भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि बागसेवनिया के एक घर के अंदर प्रार्थना चल रही थी। जहां 40 से 50 लोग मौजूद थे। जैसे ही इसकी जानकारी हिंदूवादी संगठनों को लगी तो वे मौके पर पहुंचे। हिंदूवादी संगठनों ने धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा हुआ। वहीं पास्टर (चर्च के पादरी) को पकड़कर थाने ले गए।
इस मामले में जब प्रार्थना कर रहे लोगों से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि किसी तरह का कोई धर्मांतरण नहीं कराया जा रहा है। किसी तरह से कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा है। इधर, हिंदूवादी संगठनों ने 40 हिंदुओं को कन्वर्ट कर क्रिश्चिन बनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इन सब का माइंड वॉश हो चुका है। इसलिए ऐसी बाते कर रहे है।
वहीं इस पूरे मामले में बागसेवनिया थाने के टीआई अमित सोनी ने कहा कि धर्मांतरण की शिकायत मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।