शाजापुर। भारतीय जनता पार्टी संगठन पर्व 2024 को लेकर जिला कार्यालय पर रविवार को जिला कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश सरकार के केबिनेट मंत्री इंदरसिंह परमार थे। विशेष अतिथि के रुप में जिला निर्वाचन अधिकारी दिलीप पाटोदिया, जिला प्रभारी जगदीश अग्रवाल, विधायक अरुण भीमावद, जिला सह निर्वाचन अधिकारी अध्यक्ष हेमराज सिसोदिया, अशोक कवीश्वर थे। कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अशोक नायक ने की।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा संगठन को 2024 को लेकर जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यशाला मे भारत माता डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री परमार ने संबोधित करते हुए कहा कि क्षमतावान, विचारवान लोगों को संगठन में लेकर आएं। परस्पर संवाद व परामर्श से मंडल व जिला संगठन पर्व का उत्सव मनाते हुए संगठन गढ़ें। हम भाग्यशाली हैं कि भारत में जन्म लिया हैं और उससे भी भाग्यशाली हैं कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने का सुअवसर मिला है। हम सबको मिलकर एक आदर्श संगठन का निर्माण करना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी पाटोदिया ने संबोधित करते हुए कहा कि संगठन पर्व ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा में संगठन ही सर्वाेपरि है और बूथ अध्यक्ष कितना महत्वपूर्ण होता है। शाजापुर जिले में भी बूथ कमेटीयो का गठन पूर्ण हो गया है जो कि स्वागत योग्य है। हम सभी मिलकर संगठन पर्व में सर्वसम्मति और समन्वय से मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष बनाकर कार्यकर्ता और संगठन आदर्श है यह साबित करेंगे। जिले के मंडलों में कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से 837 बूथों में से अध्यक्ष सहित पूरी बूथ समितियों का गठन कर जिले में इतिहास बनाया।
शाजापुर भाजपा जिला प्रभारी अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी देवदुर्लभ कार्यकर्ता के त्याग और तपस्या से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है, इसमें एक-एक कार्यकर्ता की दिन-रात की मेहनत समाहित है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नायक ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि हमें ध्यान रखना है कि जिस तरह से हमारे नेताओं ने भाजपा को सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी बनाया है। उसी तरह हमें हमारे संगठन को भी सर्वस्पर्शी बनाना है। जिले में 100 प्रतिशत बूथ कमेटियों का गठन हो चुका है। हमें यह ध्यान रखना है कि प्रत्येक बूथ कमेटी में कम से कम तीन महिला सदस्य हों, ताकि उन्हें कम से कम 35 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिल सके।
विधायक भीमावद ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा परिवार सर्वव्यापी, सर्वसमावेशी और सर्वस्वर्शी है, जिसकी झलक आने वाले दिनों में भाजपा संगठन में भी दिखेगी। भाजपा सभी समाज वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करती है और सभी को समाज में समान अवसर मिले, ऐसा विचार लेकर कार्य करती है। भाजपा संगठन तकनीकी के प्रयोग के साथ आने वाले वर्षों की चुनौतियों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर अपने संगठन पर्व की प्रक्रिया को पूरा कर रही है। संगठन पर्व की अंतर्गत जिले के सक्रिय सदस्यों की सूची का वाचन एवं बनाए गए सदस्यों की जानकारी जिला महामंत्री दिनेश शर्मा ने दी। कार्यशाला का संचालन जिला सह निर्वाचन अधिकारी हेमराज सिसोदिया ने किया तथा आभार जिला सह निर्वाचन अधिकारी अशोक कवीश्वर ने माना।