बैतूल। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में एक व्यक्ति शिकायती आवेदनों की झालर डालकर पहुंचा। उसने अपने गले पर अब तक किए गए शिकायती आवेदनों की एक माला पहनी हुई थी। शख्स का आरोप है कि दबंगों ने उसके घर पर कब्जा कर लिया है। उसने बताया कि वह कई आवेदन कर चुका है लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आज इसलिए उसे अपने सारे आवेदन गले में लटकाकर कलेक्टर की जनसुनवाई में जाना पड़ा। ताकि उसकी फरियाद सुनी जा सके।
जानकारी के मुताबिक शख्स का नाम इरफान उर्फ मोगली है। मोगली ने अपने आवेदन में उल्लेख किया कि निजी मकान पर जो कि नजूल में शीट नं. 8 प्लाट नं. 63 पर स्थित है, उस पर दबंगो द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। उसने बताया कि वह शिकायत करने थाने गया, मगर वहां उसे ही बैठाया गया और धमकाया गया। इसकी शिकायत उसने एस.पी. से की थी मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उसने बताया कि वह पहले से ही शारीरिक रूप से कमजोर है। ब्रेन के पांच ऑपरेशन हो चुके हैं। आए दिन बंदूक दिखाकर डराते धमकाते रहते हैं।
कपड़ों पर लिखा मुझे गुंडों से बचाओ
मोगली ने जनसुनवाई में आवेदन देने से पहले शहर के लल्ली चौक पर पहुंचकर श्मुझे गुंडों से निजाद दिलाओ या इच्छा मृत्यु की परमिशन दोश् लिखी बनियान पहनी और सारे आवेदन गले में लटकाकर कलेक्ट्रेट पहुंच गया। यहां कलेक्टर को दिए आवेदन में उसने अपनी फरियाद सुनाई। कलेक्टर ने उसका प्रकरण समय सीमा की बैठक में लेकर निराकरण के निर्देश दिए हैं।