नीमच। शहर में मंगलवार को विश्व दिव्यांग दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाएं दिव्यांगों को लेकर कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। वहीं दिव्यांग भी इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर कर भाग ले रहे हैं। मगर विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर नीमच के दिव्यांगों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। दिव्यांग ज्योति संस्था के बैनर तले बड़ी संख्या में दिव्यांग शहर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 मैदान पर पहुंचे।
जहां उन्होंने अपनी ही विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। दिव्यांगों ने मंगलवार को दिव्यांग दिवस के अवसर पर आयोजित शासकीय कार्यक्रम का बहिष्कार किया और उसमें भाग नहीं लिया। लंबे समय से जिले के दिव्यांगजन दिव्यांग ज्योति संस्था के बैनर तले नीमच जिले में मूक बधिर विद्यालय खोलने, दिव्यांग पार्क का निर्माण कार्य जल्दी चालू करने, दिव्यांग की पेंशनर बढ़ाने, दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का भवन निर्माण करने जैसी कई मांगों को समय पर ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराते रहे हैं। बावजूद इसके उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया जा रहा है। इससे नाराज दिव्यांगजनों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर नारेबाजी की। इस अवसर पर दिव्यांग ज्योति संस्था के प्रकाश बलदेव सहित अन्य दिव्यांगजन मौजूद रहे।